गणेश वंदना व वाहन रैली के साथ 64वें चेटीचंड महोत्सव का आगाज

20

झूलेलाल नारी शक्ति के नेतृत्व में महिलाओं की भव्य वाहन रैली, 20 मार्च को मुख्य समारोह
हनुमानगढ़। 
टाउन में पूज्य सिंधी पंचायत सोसायटी (रजि.) एवं श्री झूलेलाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 64वें चेटीचंड महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 15 मार्च को गणेश वंदना और भव्य वाहन रैली के साथ हुआ। पांच दिवसीय इस महोत्सव के प्रथम दिन झूलेलाल नारी शक्ति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने वाहन रैली में भाग लेकर श्रद्धा और उत्साह का परिचय दिया। सुबह 6 बजे झूलेलाल मंदिर, सिंधी मोहल्ला, वार्ड नंबर 25 से वाहन रैली का शुभारंभ हुआ। वर्षा कर्मचन्दानी व अनिता तेजवानी ने झूलेलाल के जयकारों के साथ रैली को रवाना किया। यह वाहन रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई अल्फा सिटी तक पहुंची। रैली के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और समाज के लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस यात्रा में भाग लिया। झूलेलाल नारी शक्ति की वर्षा कर्मचन्दानी ने बताया कि चेटीचंड महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव सिंधी समाज की आस्था, परंपरा और संस्कृति को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पंचायत अध्यक्ष खजान चंद शिवनानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 मार्च को भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा शाम 5.00 छप्पन भोग,7 बजे भजन संध्या और महाआरती का आयोजन होगा। 17 मार्च को भी प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 18 मार्च को सिंधी समाज की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सिंधी स्टाल लगाए जाएंगे, जहां समाज की पारंपरिक वस्तुएं और व्यंजन प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं 19 मार्च की संध्या को बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में बच्चे नृत्य, गीत और नाटकों की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे, जिससे युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।