काश्तकारों का स्वीकृतशुदा रास्ता बंद, खेतों तक आवागमन बाधित

82

– उपखंड अधिकारी से रास्ता शीघ्र खुलवाने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़। तहसील हनुमानगढ़ क्षेत्र के चक 14 एमएम एवं चक 15 एमएम के समस्त काश्तकारों ने स्वीकृतशुदा आम रास्ता जबरन बंद किए जाने को लेकर उपखंड अधिकारी हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा है। काश्तकारों ने प्रशासन से उक्त रास्ता तुरंत खुलवाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
काश्तकारों ने बताया कि वे खेती कर अपने परिवार का जीवन यापन करते हैं तथा उनकी कृषि भूमि तहसील हनुमानगढ़ के मिरदवार हल्का, पटवार हल्का घोलीपाल क्षेत्र में स्थित चक 14 एमएम एवं 15 एमएम में है। खेतों तक आवागमन के लिए खाता संख्या 32/12 के अंतर्गत पत्थर नंबर 112/198 मुरब्बा नंबर 36 किला नंबर 25/2, पत्थर नंबर 112/199 किला नंबर 5/4, पत्थर नंबर 112/199 मुरब्बा 46 किला नंबर 6/3, किला नंबर 15/1, 15/2, 16/3 एवं 25/3 में स्वीकृतशुदा आम रास्ता दर्ज है। यह रास्ता विगत 40 से 50 वर्षों से लगातार उपयोग में लिया जा रहा है।
काश्तकार अश्वनी पुनिया का आरोप है कि चक के कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए उक्त स्वीकृतशुदा आम रास्ते को जबरन बंद कर दिया गया है, जिससे चक 14 एमएम एवं 15 एमएम के समस्त काश्तकारों का अपने खेतों तक सीधा आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। मजबूरी में काश्तकारों को अन्य अस्थायी एवं लंबे रास्तों से होकर खेतों तक जाना पड़ रहा है, जिससे समय, श्रम और आर्थिक नुकसान हो रहा है।
काश्तकारों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में दिनांक 12 जनवरी 2026 को तहसीलदार हनुमानगढ़ को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर केवल रास्ते की निशानदेही की गई, लेकिन आज दिनांक तक रास्ता खुलवाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
समस्त काश्तकारों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर स्वीकृतशुदा आम रास्ता खुलवाने की मांग की है, ताकि उन्हें खेती कार्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।