-मांगें नहीं मानी तो 11 फरवरी से डीटीओ कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना
हनुमानगढ़। परिवहन विभाग के विभागीय आदेश के बाद जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय हनुमानगढ़ में व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया बंद किए जाने से ट्रक, बस व टैक्सी संचालकों में भारी रोष व्याप्त है। इस संबंध में जिला ट्रक यूनियन हनुमानगढ़, यातायात जन सेवा सलाहकार समिति, टैक्सी यूनियन, टेंपो यूनियन एवं बस एसोसिएशन हनुमानगढ़ ने राजस्थान सरकार के परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी श्री प्रेमचंद जी बेरवा को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में जिला ट्रक यूनियन हनुमानगढ़ के प्रधान लीलाधर शर्मा व जुगल किशोर राठी ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत ट्रक व बसों की फिटनेस करवाने के लिए एटीएस केंद्र जाना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे वाहन मालिकों पर 20 हजार से 30 हजार रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके अलावा एटीएस केंद्र तक आने-जाने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले टोल नाकों पर ऑनलाइन चालान भी हो रहे हैं, जिससे परिवहन व्यवसायियों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
यातायात जन सेवा सलाहकार समिति के प्रधान मंगल सिल्लू ने मांग की है कि पूर्व की भांति जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ पर ही व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच कर प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था बहाल की जाए। साथ ही माल वाहक वाहनों पर कर निर्धारण 31 मार्च से पूर्व जमा करवाने की बाध्यता समाप्त कर वार्षिक कर केवल निर्धारित कार्यकाल में ही जमा करवाया जाए। इसके अतिरिक्त ओवरलोड ट्रक एवं अनाधिकृत ट्रैक्टर-ट्रालियों पर पूर्ण रूप से रोक लगाने की भी मांग की गई है, ताकि नियमों का पालन करने वाले वाहन मालिकों को नुकसान न उठाना पड़े।
संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 11 फरवरी 2026 को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय हनुमानगढ़ के समक्ष सभी ट्रक, बस, टैक्सी व टेंपो खड़े कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरने के दौरान निर्धारित वार्षिक टैक्स से संबंधित कोई भी कार्रवाई कार्यालय में नहीं होने दी जाएगी और न ही टैक्स जमा कराया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































