– चार लेबर कोड रद्द करने व 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान
हनुमानगढ़। एफ.सी.आई. बचाओ, खाद्य सुरक्षा बचाओ और मजदूर एकता संघर्ष जिंदाबाद के नारों के साथ अनाज मंडी पल्लेदार मजदूर यूनियन द्वारा टाउन गेट पर एक विशाल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी मजदूर हड़ताल को सफल बनाना तथा चारों लेबर कोड और निजीकरण की नीतियों के विरोध में मजदूरों को जागरूक करना रहा।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में सीटू जिलाध्यक्ष रामेश्वर वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चारों लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कोड्स के माध्यम से पूंजीपति घरानों को लाभ पहुंचाने और मजदूरों की सुरक्षा, वेतन एवं यूनियन अधिकारों को सीमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग को एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा।
सीटू जिला कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा समय पर वेतन भुगतान और न्यूनतम वेतन की कवरेज बढ़ाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि वेतन संहिता के तहत बड़ी संख्या में छोटे प्रतिष्ठानों के मजदूर कानून के दायरे से बाहर हो जाएंगे। इससे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की स्थिति और कमजोर होगी।
अनाज मंडी जिला सचिव सुल्तान खान ने कहा कि मंडियों में निजी कंपनियों द्वारा गेहूं की खरीद की अनुमति देना खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मंडियों को निजी हाथों में सौंपकर सार्वजनिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है। यूनियन अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि ठेका प्रथा, फिक्स टर्म रोजगार और आउटसोर्सिंग जैसी नीतियां मजदूरों के भविष्य को असुरक्षित बना रही हैं।
यूनियन सचिव संदीप बसौड़ और कोषाध्यक्ष श्योपतराम ने कहा कि 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल मजदूरों की एकता की परीक्षा है। बसंत सिंह, हरजी वर्मा, मेजर सिंह, श्रीचंद एवं सुबोध पटले ने भी अपने संबोधन में चारों लेबर कोड निरस्त करने, श्रम शक्ति नीति-2025 वापस लेने, निजीकरण और विनिवेश रोकने तथा ठेका श्रमिकों को समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग दोहराई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































