-ड्राइवर सीट के पास सवारी बैठाने और मुख्य मार्गों पर ऑटो रोकने वालों पर हुई कार्रवाई
हनुमानगढ़। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस थाना, हनुमानगढ़ द्वारा सख़्त कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने उन ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, जो वाहन संचालन के नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। विशेषकर ऐसे ऑटो चालक, जो ड्राइवर सीट के ठीक बराबर में सवारी बैठाकर नियमों की अनदेखी करते हैं और मुख्य मार्गों पर बेवजह ऑटो खड़ा कर यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं, अब पुलिस के निशाने पर हैं।
यातायात थानाप्रभारी अनिल चिन्दा ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑटो रिक्शा की प्रथम पंक्ति ड्राइवर के संचालन के लिए होती है, लेकिन कई चालक लालचवश उस स्थान पर भी सवारी बैठा लेते हैं। इससे वाहन चलाने में कठिनाई होती है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं। साथ ही, यह नियमों का सीधा उल्लंघन है और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा भी।
उन्होंने यह भी बताया कि बीते एक महीने से ट्रैफिक विभाग द्वारा ऑटो चालकों को लगातार समझाइश दी जा रही थी कि वे मुख्य सड़कों, चौराहों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ऑटो खड़ा न करें और ड्राइवर सीट के पास किसी भी स्थिति में सवारी न बैठाएं। बावजूद इसके कई चालक नियमों को अनदेखा कर रहे थे, जिसके बाद अब कार्रवाई की प्रक्रिया को अमल में लाया गया है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































