राजस्थान में पति सबसे क्रूर, यहां घरेलू हिंसा के 13 हजार मामले दर्ज

2016 में 1,11,569 बच्चे गुम हुए; इनमें से करीब 50% का पता चला, बाकी 50% बच्चे लापता ही रहे

0
335

नई दिल्ली: नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2016 के लिए सालाना रिपोर्ट आई है। इससे पता चला है कि देश में सबसे क्रूर पति पश्चिम बंगाल के हैं। यहां महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा के सबसे ज्यादा 19,302 मामले दर्ज हुए। दूसरे नंबर पर राजस्थान (13,811) तीसरे पर उत्तर प्रदेश (11,156) है। देशभर में महिलाओं के खिलाफ अपराध और हिंसा में 2.9% का इजाफा हुआ है।

इससे पहले 2015 में महिला हिंसा 3% कम हुई थी। वहीं, बच्चों के खिलाफ अपराध और हिंसा भी 13.6% बढ़ी है। 2015 में ये दर 5.3% थी। 2016 में देशभर में आईपीसी के तहत आने वाले सभी अपराध 2.6% बढ़े। महिलाओं से दुष्कर्म के सबसे ज्यादा 4882 मामले मध्यप्रदेश में दर्ज हुए। 4816 केस के साथ यूपी नंबर दो पर है। महिलाओं के खिलाफ सभी प्रकार की हिंसा और अपराध के कुल 3,38,954 मामले हुए।

इनमें 14.5% केस यूपी में, 9.6% प. बंगाल में हुए। क्राइम के मामले में यूपी 9.5% के साथ सबसे आगे है। 2016 में देश में कुल 88,008 अपहरण के मामले भी हुए। इनमें से 33,855 लोगों का जबरन शादी के लिए अपहरण हुआ। देश में 2016 में दंगे 5%, डकैती 10% और लूट 11.88% कम हुई।

प. बंगाल से सबसे ज्यादा 16,851 बच्चे लापता हुए
2016 में देशभर से 1,11,569 बच्चे गुमशुदा हुए। सबसे ज्यादा 16851 बच्चे प. बंगाल से, 14661 बच्चे दिल्ली से और 12,068 बच्चे मप्र से रहे। इन बच्चों में से 55,944 बच्चों का ही पता लग पाया। बाकी 55,625 बच्चे लापता ही हैं। बाल अपराध के मामले में यूपी (15.3% केस), महाराष्ट्र (13.6% केस) और मध्यप्रदेश (13.1% केस) सबसे खराब रहे।

साइबरक्राइम बढ़ा, इकोनॉमिक क्राइम घटे 
देशमें साइबर क्राइम 6.3% की दर से बढ़ा। सबसे ज्यादा 21.4% केस यूपी से आए। वहीं इकोनॉमिक क्राइम 4.4% की दर से घटे हैं। इकोनॉमिक क्राइम के सबसे ज्यादा 16.4% मामले राजस्थान में हुए।

19 बड़े शहरों में अपराध के मामले में दिल्ली टॉप पर 
19 महानगरों में अपराधों में दिल्ली (38.8% अपराध) टॉप पर है। दूसरे नंबर पर बेंगलुरू (8.9%) और तीसरे पर मुंबई (7.7%)। दुष्कर्म के कुल मामलों में दिल्ली से 40%, जबकि मुंबई से 12% मामले आए।

ये भी पढ़ें-

रूचि के अनुसार खबरें पढ़ने के लिए यहां किल्क कीजिए

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर। आप हमें फेसबुकट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी करें)