अगर आप अपने बच्चे का दाखिला केंद्रीय विद्यालय में कराने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) जल्द ही शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने वाला है। इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन kvsangathan.nic.in पर जारी किया जाएगा, जिसके बाद अभिभावक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस साल एडमिशन कक्षा 1 से लेकर 9 और 11 तक के लिए होंगे। कक्षा 1 में प्रवेश पूरी तरह लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाता है, जिससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहती है। वहीं कक्षा 2 से 9 और 11 में दाखिला केवल तभी मिलेगा, जब संबंधित कक्षा में सीटें खाली हों।
पात्रता की बात करें तो कक्षा 1 में एडमिशन के लिए बच्चे की उम्र तय सीमा के अनुसार होनी चाहिए, जिसकी विस्तृत जानकारी नोटिफिकेशन में दी जाएगी। उम्र के प्रमाण के तौर पर जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है। अन्य कक्षाओं के लिए भी अलग-अलग योग्यता शर्तें लागू होती हैं, इसलिए आवेदन से पहले इन्हें ध्यान से देखना जरूरी है।
केंद्रीय विद्यालयों में आरक्षण की सुविधा भी लागू रहती है। सरकार के नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को आरक्षण मिलता है। इसके अलावा केंद्र सरकार के ट्रांसफरेबल कर्मचारियों के बच्चों को प्राथमिकता दी जाती है।
क्या-क्या चाहिए दस्तावेज
आवेदन के दौरान कुछ जरूरी दस्तावेजों की जरूरत होगी, जैसे जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) और पासपोर्ट साइज फोटो। अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि कोई जरूरी सूचना छूट न जाए।

ऑनलाइन होगी एडमिशन प्रक्रिया
पूरी एडमिशन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। आवेदन करते समय बच्चे की सभी जानकारी सही-सही भरना बेहद जरूरी है, क्योंकि किसी भी तरह की गलती आवेदन रद्द होने का कारण बन सकती है। एडमिशन लिस्ट और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी वेबसाइट पर ही उपलब्ध कराई जाएगी।
चैनल को सब्सक्राइब करें
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।








































