हनुमानगढ़ । भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) द्वारा महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के उद्देश्य से जिला हनुमानगढ़ में आजीविका एवं कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया I कार्यक्रम में राजस्थान क्षेत्रीय कार्यालय सिडबी के महाप्रबंधक अरुण कुमार पाण्डे ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए कहा कि ग्रामीण समृद्धि के उद्देश्य को आत्मसात करते हुए सिडबी ग्रामीण लोगों के लिए स्थाई आजीविका का सृजन करने हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी अभियान के तहत जिला हनुमानगढ़ में एक्सपर्ट संस्था के सहयोग से महिलाओं की क्षमता निर्माण को विकसित कर कशीदा डिजाइनिंग गतिविधि के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आजीविका अर्जन की ओर अग्रसर किया जा रहा है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए उप महाप्रबंधक के. केशवन ने समस्त प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में महिलाएं प्रशिक्षण न होने के कारण आर्थिक रूप से पिछड़ जाती है।
ऐसे में आत्मनिर्भरता की अलख जगाने हेतु सिडबी द्वारा विभिन्न रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं स्वयं को स्वावलंबी बनाकर सफलता के पथ पर अग्रसर हो सकती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एक्सपर्ट निदेशक विनीत छाबड़ा ने बताया कि उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के भीतर छिपे कौशल को विकसित कर आत्मविश्वास का संचार करना है ताकि वे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर पाएं। जिसके तहत सिडबी के तत्वावधान में गाँव कोल्हा में 30 महिलाओं को कशीदा डिजाइनिंग का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी । इस अवसर पर जिला विकास प्रबंधक- नाबार्ड, हनुमानगढ़ दयानन्द काकोडिया तथा अग्रणी जिला प्रबंधक राजकुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा अपनी ओर से हरसम्भव मदद करने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम के दौरान समस्त प्रशिक्षणार्थियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण सामग्री का वितरण भी किया गया । इस अवसर पर सिडबी विकास कार्यकारी अमित श्रृंगी, राजीविका अधिकारी, एक्सपर्ट परियोजना अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, केन्द्र समन्वयक सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































