17 से 23 मई तक फाटक गौशाला में गूंजेगा भागवत महात्म्य
हनुमानगढ़ टाउन के ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग के समीप स्थित बरकत कॉलोनी, फाटक गौशाला में 17 मई 2026 से 23 मई 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। गौ सेवा संस्थान, फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सात दिवसीय कथा का आयोजन हिसारिया परिवार द्वारा किया जा रहा है। कथा का वाचन प्रख्यात कथा वाचक आचार्य श्री दयानंद जी शास्त्री द्वारा व्यास पीठ के मुखारबिंद से किया जाएगा। आयोजक अशोक हिसारिया ने बताया कि कथा के प्रथम दिन 17 मई 2026, रविवार को प्रातः 8:15 बजे भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह कलश यात्रा पुरानी नगर पालिका स्थित चोतिना कुआं, हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई फाटक गौशाला स्थित कथा स्थल पर पहुंचेगी। उसी दिन अपराह्न 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक कथा का शुभारंभ होगा। कथा के पहले दिन श्रीमद् भागवत पूजन, भागवत महात्म्य एवं श्री नारद चरित्र का वर्णन किया जाएगा। दूसरे दिन 18 मई को वराह अवतार, कपिलोपाख्यान एवं शिव विवाह के प्रसंग सुनाए जाएंगे। तीसरे दिन 19 मई को ध्रुव चरित्र, अजामिल उपाख्यान एवं नरसिंह अवतार की कथा होगी। चौथे दिन समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्री राम अवतार के साथ श्री कृष्ण जन्म एवं नंद महोत्सव की भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी। पांचवें दिन श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन लीला एवं 56 भोग का आयोजन होगा। छठे दिन रासलीला, कंस उद्धार एवं रुक्मणी विवाह की कथा सुनाई जाएगी। अंतिम दिन 23 मई, शनिवार को प्रातः 10:00 बजे से 1:00 बजे तक सुदामा चरित्र, भगवान दत्तात्रेय के 24 गुरुओं की कथा एवं परीक्षित मोक्ष के साथ कथा का समापन होगा। तत्पश्चात 1:00 बजे से प्रभु इच्छा तक पूर्णाहुति, हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी मदनचंद हिसारिया, अशोक हिसारिया, सोनू गोयल सहित समस्त हिसारिया परिवार ने संभाल रखी है। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर अपने जीवन को धर्ममय व पुण्यवान बनाने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































