– डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सहित अतिथियों ने किया सम्मानित
श्रीगंगानगर। प्रतिभा और मेहनत के बल पर जिले की बेटी तमन्ना गोयल ने एक बार फिर शिक्षा जगत में अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि से परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तमन्ना गोयल ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर की एलएलबी वर्ष 2022-23 परीक्षा में द्वितीय स्थान तथा एलएलएम वर्ष 2024-25 में पांचवां स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
तमन्ना गोयल प्रभारी पुलिस नियंत्रण कक्ष श्रीगंगानगर में कार्यरत एसआई रामपाल सिंह की पुत्रवधू तथा ट्रक यूनियन अध्यक्ष संजीव गोयल की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता से परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में तमन्ना गोयल को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरीभाऊ बागड़े, केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बेरवा तथा विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. निष्ठा जसवाल ने उन्हें डिग्री एवं मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए।
दीक्षांत समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षाविदों ने भाग लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
तमन्ना गोयल की इस उपलब्धि को लेकर सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है। परिजनों ने बताया कि तमन्ना शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने निरंतर मेहनत व लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































