Nautapa: देश में शुरू हुआ नौतपा, जानिए किन राज्यों में सबसे ज्यादा पड़ेगी गर्मी?

53

भारत के 50 से ज्यादा शहर दुनिया के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। आज यानी 25 मई से नौतपा शुरू (Nautapa 2026) हो रहा है। अनुमान है कि इन 9 दिनों में सूरज की तपिश और बढ़ सकती है। हीटवेव और तापमान भी बढ़ेगा। तापमान 45°C से ज्यादा बना रह सकता है।

रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 47.2°C रहा, जो सामान्य से 4.6°C ज्यादा है। उत्तर प्रदेश में बांदा 46.8°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा प्रयागराज और उरई में 45.6°C, झांसी में 45.6°C, आगरा में 45.4°C और हमीरपुर में 45.2°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।

MP के दो शहरों, नौगांव और खजुराहो में सबसे ज्यादा तापमान 45.8°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और मध्य भारत में 29 मई से मौसम बदल सकता है। बारिश की संभावना है।

नौतपा कब से कब तक (Nautapa 2026 Start and End Date)
सोमवार 25 मई को दोपहर 3 बजकर 44 मिनट पर सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 8 जून तक इसी नक्षत्र में रहेंगे। सूर्य नक्षत्र गोचर के 15 दिनों में शुरुआती 9 दिन को नौतपा कहा जाता है। ऐसे में इस वर्ष 25 मई से लेकर 2 जून तक नौतपा रहेगा।

ये भी पढ़ें: आम आदमी को बड़ा झटका! पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, 2 हफ्तों में चौथी बार बढ़े दाम

नौतपा से डरे नहीं, ये वरदान है
नौतपा का नाम सुनते ही लोग डर जाते हैं। इसका अहम कारण यह है कि, नौतपा के नौ दिनों में भीषण गर्मी पड़ती है। लेकिन नौतपा से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि ये वरदान की तरह है और नौतपा का पड़ना जरूरी भी है। अगर नौतपा न पड़े तो हम सब भूखे मर जााएंगे। आइए शास्त्रों से जानते हैं कि, नौतपा पड़ता क्यों है इतना जरूरी-

दो मूसा, दो कातरा, दो तीड़ी, दो ताय।
दो की बादी जळ हरै, दो विश्वर दो वाय।।

अर्थ है- नौतपा के पहले दो दिन लू न चली तो चूहे (मूसा) बहुत हो जाएंगे। अगले दो दिन न चली तो फसल को नुकसान पहुंचाने वाले कीट (कातरा) बहुत हो जाएंगे। तीसरे दिन से दो दिन लू नहीं चली तो टिड्डियों के अंडे (तीड़ी) नष्ट नहीं होंगे। चौथे दिन से दो दिन नहीं तपा तो बुखार लाने वाले जीवाणु नहीं मरेंगे। इसके बाद दो दिन लू न चली तो विश्वर यानी सांप-बिच्छू नियंत्रण से बाहर हो जाएंगे। आखिरी दो दिन भी नहीं चली तो आंधियां अधिक चलेंगी और फसलें चौपट कर देंगी। इसलिए नौतपा की गर्मी या लू से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि धरती के लिए नौतपा बहुत आवश्यक है। बस इन दिनों में बचाव की जरूरत है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

गर्मी से बचने के लिए करें ये उपाय

  • दोपहर 12 से चार बजे तक बिना वजह बाहर निकलने से बचें।
  • प्यास न लगने पर भी दिनभर में 8 से 10 गिलास पानी ओआरएस, नींबू पानी या छाछ पीते रहें।
  • बाहर निकलना जरूरी हो तो सिर को सूती कपड़े, छाते या टोपी से ढककर ही निकलें।
  • तरबूज, खीरा और ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फलों का सेवन करें, तला-भुना भोजन छोड़ दें।

अगले दो दिन देश में कैसा रहेगा मौसम

26 मई:

  • हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलने की आशंक है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
  • अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरलम, लक्षद्वीप, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, बंगाल में गरज के साथ तूफान का अलर्ट है।

27 मई:

  • छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में हीटवेव चलने की आशंका।
  • बिहार, केरलम, असम, मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।
  • आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।