कलश यात्रा के साथ हुआ धार्मिक आयोजन का शुभारंभ, शहर में भक्तिमय माहौल
हनुमानगढ़ टाउन के बस स्टैंड के सामने स्थित श्री सनातन महावीर दल धर्मशाला में श्री राम कथा का भव्य आयोजन दिनांक 28 मई 2026 से 4 जून 2026 तक किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर शहर में विशेष उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री सनातन महावीर दल न्यास के अध्यक्ष प्रेम पारीक ने बताया कि यह श्री राम कथा श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस पावन कथा का आयोजन श्रीमती अंजू शर्मा, धर्मपत्नी स्वर्गीय श्री महावीर शर्मा तथा श्रीमती भाग्यश्री और अंकुर शर्मा द्वारा करवाया जा रहा है। श्री राम कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक गोपाल सुदामा शर्मा के मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक किया जाएगा। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, भक्ति और संस्कारों का सुंदर वर्णन किया जाएगा। कथा आयोजन के शुभारंभ अवसर पर आज भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह कलश यात्रा पुरानी नगर पालिका स्थित हनुमान मंदिर, चोतिना कुआं से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल श्री महावीर दल धर्मशाला में संपन्न हुई। कलश यात्रा से पूर्व यजमानों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए।
डीजे की मधुर धुन पर भजनों के साथ नृत्य करती हुई महिलाएं श्रद्धा और उल्लास के साथ कलश लेकर चलीं। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए, जिससे शहर में एक अलग ही धार्मिक ऊर्जा देखने को मिली।
इस अवसर पर आयोजक श्रीमती अंजू शर्मा ने शहरवासियों से विनम्र निवेदन किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में श्री राम कथा में पधारकर कथा श्रवण करें और अपने जीवन को धन्य बनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक कथाएं जीवन को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज में संस्कार और सद्भावना को मजबूत करती हैं। श्री राम कथा के इस आयोजन से हनुमानगढ़ टाउन में आने वाले दिनों तक आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































