– न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये करने, 8 घंटे कार्यदिवस लागू करने व श्रम संहिताएं वापस लेने की मांग
हनुमानगढ़, 22 जून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) जिला कमेटी हनुमानगढ़ के नेतृत्व में सोमवार को श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों और यूनियन कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मजदूरों के हितों की रक्षा करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
कलेक्ट्रेट के समक्ष आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीटू के वरिष्ठ नेता रामेश्वर वर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश के करोड़ों मजदूर आज भी न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन मजदूरों की आय में उसी अनुपात में वृद्धि नहीं हो रही है, जिससे श्रमिक परिवारों का जीवन-यापन कठिन होता जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए सीटू जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह ने कहा कि राजस्थान में न्यूनतम वेतन में पिछले कई वर्षों से कोई उल्लेखनीय बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान न्यूनतम वेतन देश के कई राज्यों की तुलना में काफी कम है। ऐसे में राज्य सरकार को तत्काल प्रभाव से न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह घोषित करना चाहिए ताकि श्रमिकों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































