मिट्टी के दीपक के साथ आत्मा की ज्योति जगाना ही सच्ची दीपावली : ब्रह्माकुमारी खुशबू

44

हनुमानगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित राजकीय सावित्रीबाई फुले महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास में दीपावली के उपलक्ष्य में ‘आओ मनाएं दीपावली आनंद उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को दीपावली के आध्यात्मिक महत्व से परिचित करवाने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मकता, प्रसन्नता और आंतरिक शांति का अनुभव करवाना रहा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से दीप प्रज्वलन रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि दीपावली केवल घरों में दीपक जलाने और बाहरी सजावट का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर ज्ञान, शांति, प्रेम और पवित्रता की ज्योति जगाने का संदेश देने वाला पर्व है।
ब्रह्माकुमारी खुशबू बहन ने दीपावली का आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए कहा कि आमतौर पर लोग पांच दिन मिट्टी के दीपक जलाकर, आंगन में खुशियों की रंगोली सजाकर और घरों की सफाई कर मां लक्ष्मी का आह्वान करते हैं, लेकिन वास्तविक दीपावली वह है जिसमें हम केवल पांच दिन नहीं, बल्कि पांच युगों तक अपनी आत्मा की ज्योति जगाकर रखें। जीवन रूपी आंगन में खुशियों के सप्तरंग सजाएं तथा मन के पांच विकारों—काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार रूपी गंदगी को साफ करें। स्वयं को दिव्य गुणों से संपन्न बनाकर श्री लक्ष्मी और श्री नारायण समान श्रेष्ठ स्वरूप बनना ही सच्चे अर्थों में दीपावली मनाना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने जीवन में सकारात्मक चिंतन, आत्मविश्वास, मधुर व्यवहार और श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाएं। बाहरी प्रकाश के साथ-साथ अपने अंतर्मन को भी ज्ञान और योग के प्रकाश से प्रकाशित करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।