स्वयंसेविकाओं ने अंध विद्यालय का किया शैक्षणिक भ्रमण

42

– विशेष शिविर के तीसरे दिन गुरुद्वारा गुरुगोबिंद सिंह में किए दर्शन, ऐतिहासिक महत्व की दी जानकारी
हनुमानगढ़। व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत आयोजित विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेविकाओं को श्रीगंगानगर स्थित जगदंबा अंध विद्यालय एवं गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं और धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत से रूबरू करवाना रहा।
भ्रमण के दौरान महाविद्यालय की स्वयंसेविकाओं को जगदंबा अंध विद्यालय के छात्र-छात्राओं से मिलने और उनके जीवन के अनुभवों को करीब से जानने का अवसर मिला। इस दौरान स्वयंसेविकाओं ने दृष्टिबाधित विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी दिनचर्या, शिक्षा प्राप्त करने के तरीके और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अंध विद्यालय के विद्यार्थियों से मुलाकात ने स्वयंसेविकाओं को संवेदनशीलता, आत्मविश्वास और संघर्ष के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी।
इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं को अंध विद्यालय परिसर स्थित शिव मंदिर में भी दर्शन करवाए गए। छात्राओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सभी स्वयंसेविकाएं गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह पहुंचीं, जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक मत्था टेककर दर्शन किए। इस अवसर पर छात्राओं को गुरुद्वारे से जुड़ी धार्मिक एवं ऐतिहासिक जानकारी भी प्रदान की गई। उन्हें सिख धर्म के इतिहास, गुरु साहिबान की शिक्षाओं, सेवा, त्याग, समानता और मानवता के मूल्यों से परिचित करवाया गया।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के महत्व को समझने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी अपनी समझ विकसित की। अंध विद्यालय के विद्यार्थियों से मुलाकात उनके लिए विशेष अनुभव रहा। इससे छात्राओं को यह सीखने का अवसर मिला कि जीवन में शारीरिक चुनौतियों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास से आगे बढ़ा जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।