जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह पर कन्यादान के रूप में सहयोग राशि भेंट

25

हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत अमरपुरा थेड़ी में जनसेवा और अपने वादों को निभाने की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। भद्रकाली मंदिर के पुजारी सुरेंद्र पुरी ने जरूरतमंद परिवार की बेटी कमला (पुत्री हरजीत राम) के विवाह पर कन्यादान के रूप में ₹31,000 की सहयोग राशि भेंट की।
उल्लेखनीय है कि सुरेंद्र पुरी की धर्मपत्नी पूनम गोस्वामी ने ग्राम पंचायत अमरपुरा थेड़ी से सरपंच पद का चुनाव लड़ा था। अपने चुनावी घोषणा पत्र में उन्होंने गांव में बेटी के जन्म पर ₹5,100 की एफडी (FD) करवाने तथा जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में ₹31,000 की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की थी। हालांकि, पूनम गोस्वामी पंचायती चुनाव में महज 19 मतों से पराजित हो गई थीं, लेकिन उन्होंने चुनाव परिणामों की परवाह किए बिना अपने इन दोनों जनहितैषी संकल्पों को हार के बाद भी जारी रखने का निर्णय लिया।
इसी संकल्प के तहत जरूरतमंद परिवार की बेटी कमला को ₹31,000 की सहायता राशि प्रदान की गई। इस नेक पहल से प्रेरित होकर नवनिर्वाचित उप सरपंच अनुसूइया (पत्नी श्रीभगवान) ने भी परिवार को ₹1,100 की सहयोग राशि भेंट की। इस अवसर पर बेटी के पिता हरजीत राम ने सुरेंद्र पुरी और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र पुरी की टीम ने परिवार पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े, इसके लिए चाय-नाश्ते से विनम्रतापूर्वक इनकार करते हुए केवल पानी ग्रहण किया।
इस मौके पर विजेन्द्र जिनागल, राहुल विवान, श्रवण सुथार, सुनील विवान, सुखचैन सिंह, पानाराम, सुरेन्द्र गोस्वामी और बृजलाल गांधी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।