महिला सत्संग मंडल की महिलाओं ने विधि-विधान से करवाया तुलसी माता का विवाह, 24 नवंबर को होगा 11 हजार संकल्पित दीपदान का भव्य आयोजन
हनुमानगढ़ टाउन। भटनेर दुर्ग के समीप बरकत कॉलोनी स्थित श्री फाटक गौशाला के सांवरिया सेठ मंदिर प्रांगण में महिला सत्संग मंडल की ओर से तुलसी विवाह का धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तुलसी माता के विवाह की रस्में विधि-विधान से संपन्न करवाईं। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पंडित राधेश्याम शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना करवाई तथा तुलसी विवाह की सभी धार्मिक रस्में संपन्न करवाईं। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार तुलसी माता का पूजन किया और विवाह की रस्मों में भाग लिया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से तुलसी माता की आरती की गई तथा शहर और क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं परिवारों में सुख-शांति की कामना की गई।
इस मौके पर महिला सत्संग मंडल की सरला गर्ग ने तुलसी विवाह के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिंदू धर्म में तुलसी माता को अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी विवाह का आयोजन भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम के साथ तुलसी माता के विवाह के प्रतीक रूप में किया जाता है। देवउठनी एकादशी से प्रारंभ होने वाले मांगलिक कार्यों की परंपरा में तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि यह पर्व हमें धर्म, आस्था, प्रेम, समर्पण और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। तुलसी का पौधा भारतीय संस्कृति में केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से महिलाओं में धार्मिक चेतना जागृत होने के साथ-साथ आपसी मेलजोल, सामाजिक एकता और संस्कारों को भी बढ़ावा मिलता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































