मैनवाली सरपंच के रूप में इंद्रकुमार गोदारा ने ग्रहण किया पदभार

18

-पूर्व सरपंच धन्नाराम के पौत्र व पूर्व सरपंच भजनलाल के पुत्र इंद्रकुमार ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भतीजे अशोक कुमार को 110 मतों से हराकर हासिल की थी जीत
हनुमानगढ़।
ग्राम पंचायत मैनवाली के नवनिर्वाचित सरपंच इंद्रकुमार गोदारा ने शुक्रवार को विधिवत सरपंच पद का पदभार ग्रहण किया। इंद्रकुमार गोदारा सुपौत्र पूर्व सरपंच चौधरी धन्नाराम तथा सुपुत्र पूर्व सरपंच चौधरी भजनलाल के हैं। सरपंच पद पर उनकी नियुक्ति के बाद गांव में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र ने विधिवत प्रक्रिया के तहत इंद्रकुमार गोदारा को सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण करवाया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि गांव में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। पदभार ग्रहण के दौरान गांव के लोगों में उत्साह देखने को मिला और समर्थकों ने नवनिर्वाचित सरपंच का स्वागत किया। इंदर कुमार गोदारा पूर्व सरपंच चौधरी धन्नाराम और चौधरी भजनलाल के परिवार से होने के कारण उनकी जीत को गांव की राजनीतिक पृष्ठभूमि से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
ज्ञात रहे कि इंद्रकुमार गोदारा ने ग्राम पंचायत मैनवाली के सरपंच चुनाव में अशोक कुमार को 110 मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की थी। उनकी जीत को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह रहा। अशोक कुमार भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई के भतीजे भी हैं। जिस कारण इंद्रकुमार गोदारा की जीत एक बड़ी जीत के रूप में देखी जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।