मजदूर को झूठे एनडीपीएस मामले में फंसाने का आरोप, एसपी कार्यालय के बाहर धरना

47

-अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हनुमानगढ़। जिले के हरीपुरा गांव के एक मजदूर को कथित रूप से झूठे एनडीपीएस मामले में फंसाने के आरोप को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन जिला कमेटी हनुमानगढ़ के बैनर तले ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष मजदूर को न्याय दिलाने की मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन लगातार जारी रखा जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए धरने को अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन जिला अध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गी ने कहा कि वर्ष 202 एफआईआर का मामला संगरिया थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि हरीपुरा गांव का एक मजदूर, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है, उसे साजिश के तहत एनडीपीएस मामले में फंसा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके घर में करीब पांच किलो डोडा पोस्त रखवाया गया और बाद में पुलिस को सूचना देकर छापेमारी करवाई गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मजदूर की अपने पड़ोसियों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी और इसी रंजिश के चलते उसे फंसाने की योजना बनाई गई। उनका कहना है कि पूरे गांव के लोग मजदूर को निर्दोष मानते हैं और इस संबंध में कई ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष भी अपनी बात रखी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब मामले की जांच संगरिया थाना से स्थानांतरित होकर तलवाड़ा थाना पहुंची तो उन्हें निष्पक्ष जांच की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आरोप लगाया गया कि जांच के दौरान सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किए बिना मजदूर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मजदूर पिछले करीब 15 दिनों से जेल में बंद है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।