प्रभारी मंत्री का पुतला फूंक जताया विरोध, 1 जुलाई को जयपुर विधानसभा कूच का ऐलान

21

हनुमानगढ़। धाणका जनजाति संघर्ष समिति के नेतृत्व में अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के समक्ष चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 306वें दिन भी जारी रहा। लंबे समय से मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज समाज के लोगों ने जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा का ढोल-नगाड़ों के साथ पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही समाज के प्रतिनिधियों ने 1 जुलाई को जयपुर विधानसभा के लिए पैदल कूच करने की घोषणा की।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले में धाणका समाज को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने से हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं। समाज का आरोप है कि जाति प्रमाण पत्र जारी करने पर मौखिक रोक लगाकर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। समाज के लोगों का कहना है कि राजस्थान के कई अन्य जिलों में धाणका/धानका समुदाय को अनुसूचित जनजाति के जाति प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं, जबकि हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में अलग रवैया अपनाया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले 306 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना देने के बावजूद प्रशासन उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। इससे समाज में भारी रोष व्याप्त है। इसी के चलते शुक्रवार को  समाज के लोगो ने धरना स्थल पर एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रभारी मंत्री का पुतला दहन किया।
संघर्ष समिति के नेताओं ने घोषणा की कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को धाणका समाज के लोग हनुमानगढ़ से पैदल जयपुर विधानसभा कूच करेंगे और राज्य सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे।
समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि जब तक धाणका समाज को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पुनः शुरू नहीं की जाती, तब तक धरना एवं आंदोलन जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।