नशा मुक्ति रैली के साथ कला व सलाद सज्जा प्रतियोगिताओं का आयोजन

184

हनुमानगढ़। व्यापार मण्डल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन विभिन्न रचनात्मक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत महाविद्यालय की स्वयंसेविकाओं द्वारा नशा मुक्ति विषय पर एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन पर अंकुश लगाने के लिए जनसहयोग को प्रेरित करना रहा।
नशा मुक्ति रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्रों से होते हुए पुनः महाविद्यालय में संपन्न हुई। रैली के दौरान स्वयंसेविकाओं ने नशे के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए जागरूकता नारे लगाए और आमजन से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। छात्राओं ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। रैली को देखने के लिए मार्ग में नागरिकों ने भी सराहना की और स्वयंसेविकाओं के प्रयासों की प्रशंसा की।
रैली के पश्चात महाविद्यालय परिसर में कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में अलग-अलग ग्रुप में विभाजित स्वयंसेविकाओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए। इसके साथ ही सलाद सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने सृजनात्मक ढंग से सलाद को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। दोनों प्रतियोगिताओं में स्वयंसेविकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला एवं कौशल का परिचय दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।