UPPSC PCS 2026: ग्रेजुएट्स के लिए 500 सरकारी नौकरियों की निकली बंपर भर्तियां, जानें पूरा प्रोसेस?

20

UPPSC PCS 2026 Notification: उत्तर प्रदेश में सरकारी अफसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (UPPSC PCS 2026) परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत प्रशासनिक और अन्य विभागों में करीब 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जून 2025 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 27 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन से पहले OTR कराना जरूरी
UPPSC ने साफ किया है कि आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक OTR नंबर नहीं बनाया है, उन्हें सलाह दी गई है कि आवेदन करने से कम से कम 72 घंटे पहले OTR पूरा कर लें, क्योंकि OTR सत्यापित होने के बाद ही आवेदन फॉर्म जमा किया जा सकेगा। आयोग के अनुसार, 27 जुलाई आवेदन शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख है। वहीं, आवेदन फॉर्म में किसी तरह की गलती सुधारने या संशोधन करने की आखिरी तारीख 3 अगस्त 2025 तय की गई है।

करीब 500 पदों पर होगी भर्ती
UPPSC के मुताबिक इस भर्ती अभियान के तहत फिलहाल लगभग 500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। हालांकि विभागों की जरूरत के अनुसार पदों की संख्या बढ़ या घट भी सकती है।

इन पदों पर होगी भर्ती:

  • डिप्टी कलेक्टर (Deputy Collector)
  • डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP)
  • ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO)
  • असिस्टेंट कमिश्नर (कॉमर्शियल टैक्स)
  • असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (ARTO)
  • जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
  • कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर
  • फूड सेफ्टी ऑफिसर
  • आबकारी निरीक्षक (Excise Inspector)
  • डिप्टी जेलर
  • जिला कार्यक्रम अधिकारी
  • चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर (CDPO)
  • प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज सहित कई अन्य ग्रुप-A और ग्रुप-B पद।

कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास अंतिम तिथि तक किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना जरूरी है। कुछ विशेष पदों के लिए कानून (Law), इंजीनियरिंग, शिक्षा, कृषि, मनोविज्ञान, कंप्यूटर साइंस या अन्य संबंधित विषयों में अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता भी मांगी गई है।

आयु सीमा क्या है?
अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2026 को 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यानी अभ्यर्थी का जन्म 2 जुलाई 1986 से पहले और 1 जुलाई 2005 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग, दिव्यांग, उत्तर प्रदेश सरकार के कर्मचारियों और पूर्व सैनिकों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

ऐसे होगा चयन: UPPSC PCS 2026 भर्ती तीन चरणों में होगी।

  1. प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Exam)
  2. मुख्य लिखित परीक्षा (Main Exam)
  3. इंटरव्यू (Interview)

प्रारंभिक परीक्षा उत्तर प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रीलिम्स में सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए अलग से आवेदन करना होगा।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

नेगेटिव मार्किंग भी होगी
आयोग ने बताया है कि प्रारंभिक परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर उस प्रश्न के निर्धारित अंकों का एक-तिहाई (1/3) अंक काट लिया जाएगा।

वहीं, पेपर-2 (CSAT) केवल क्वालिफाइंग रहेगा, जिसमें उम्मीदवारों को 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। अंतिम मेरिट केवल पेपर-1 के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।

आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

  • सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग: 125 रुपये (100 रुपये परीक्षा शुल्क + 25 रुपये ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क)
  • एससी/एसटी वर्ग: 65 रुपये
  • दिव्यांग (PwD): 25 रुपये
  • पूर्व सैनिक (Ex-Servicemen): 65 रुपये

उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन प्रक्रिया के हर चरण का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें। इसमें OTR नंबर, फीस जमा करने की रसीद और अंतिम आवेदन पत्र शामिल हैं। साथ ही परीक्षा से जुड़े सभी नए अपडेट के लिए समय-समय पर UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

UPPSC PCS परीक्षा उत्तर प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं। ऐसे में जो उम्मीदवार इस बार आवेदन करना चाहते हैं, वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।