कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत देने के खिलाफ जनवादी महिला समिति का आक्रोश

157

– जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च, उम्रकैद बहाल रखने की मांग का ज्ञापन सौंपा
हनुमानगढ़। 
उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित उन्नाव सामूहिक बलात्कार प्रकरण में दोषी पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा निलंबित कर जमानत दिए जाने के फैसले के खिलाफ अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। इसी क्रम में जिला कमेटी हनुमानगढ़ के नेतृत्व में जंक्शन सीटू कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला गया, जिसके बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जमानत रद्द कर उम्रकैद की सजा बरकरार रखने की मांग की गई।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति प्रदेशाध्यक्ष कमला मेघवाल ने कहा कि यह वही मामला है, जिसमें पूर्व विधायक ने रोजगार का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की को अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। राजनीतिक दबदबे के चलते पीड़िता को चुप कराने की कोशिश की गई और पुलिस ने भी प्रारंभ में एफआईआर दर्ज करने से इनकार किया। जब पीड़िता ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की चेतावनी दी, तब जाकर मामला दर्ज हुआ। इसके बाद केस वापस लेने के लिए पीड़िता के परिवार पर लगातार दबाव बनाया गया, जिसमें उसके पिता की पिटाई के बाद मृत्यु हो गई तथा परिवार पर हुए हमले में मौसी और चाची की भी जान चली गई।
महिला समिति चंद्रकला वर्मा ने कहा कि इतने जघन्य अपराध के बावजूद दोषी को जमानत मिलना न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसे समय में जब “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” जैसे नारों का व्यापक प्रचार किया जाता है, वहीं बलात्कार और हत्या जैसे मामलों में दोषियों को संरक्षण या राहत मिलना महिलाओं के प्रति असंवेदनशील राजनीति को उजागर करता है। एडवा ने कठुआ, हाथरस और बिलकिस बानो जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने समाज और व्यवस्था दोनों को झकझोर दिया है।
प्रदर्शन में संगठन की राष्ट्रीय महासचिव मरियम धवले, दिल्ली अध्यक्ष आशा यादव, महासचिव कविता शर्मा सहित आशा शर्मा, शरबानी सरकार एवं अन्य महिला नेता मौजूद रहीं। जिला स्तर पर प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष एवं जिला सचिव सर्वजीत कौर ने किया।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने मांग की कि किसी भी आरोपी को उसके पद, राजनीतिक प्रभाव, जाति या धर्म के आधार पर कोई संरक्षण न दिया जाए। कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत को तत्काल रद्द कर उम्रकैद की सजा बहाल रखी जाए। इसके साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने की घटना की भी तीखी निंदा की गई। महिला समिति ने चेतावनी दी कि यदि न्याय सुनिश्चित नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर जिला सचिव सर्वजीत कौर जिला अध्यक्ष संगीता मंडल कमल नायक लीलावती ममता मेघवाल गुरप्रीत कौर रणजीत कौर सुनीता मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।