– नागरिकों की बैठक में दीवार हटाने, सर्विस रोड व जल निकासी की मांग, 5 जनवरी को चक्काजाम की चेतावनी
हनुमानगढ़। सतीपुरा ओवरब्रिज के बीचों-बीच दीवार बनाए जाने के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। सोमवार को बड़ी संख्या में नागरिकों, ग्रामीणों एवं जागरूक लोगों ने ओवरब्रिज पर बैठक कर प्रशासन और निर्माण एजेंसी के खिलाफ रोष जताया। बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि जब तक ओवरब्रिज के बीच बनाई जा रही दीवार को हटाया नहीं जाता, तब तक पुल का लोकार्पण नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें नहीं मानी गईं तो 5 जनवरी को चक्काजाम किया जाएगा।
बैठक में ग्रामीण रामेश्वर वर्मा, रघुवीर वर्मा, सिद्धार्थ बलिहारा, भेरू वर्मा, रामेश्वर चावरिया, पृथ्वी खीचड़, सुधीर बलिहारा, सरपंच प्रतिनिधि गुरलाल सिंह, रामेश्वर बलिहारा, निर्मल सिंह प्रधान, परमजीत सिंह प्रधान, नवनीत सिंह उपप्रधान, गुरदिता सिंह, सुरेंदर बलिहारा, गुरविंदर सिंह बराड़, गुरलाभ सिंह, राकेश मूंड, सुरेंदर मूंड, गुरबख्श सिंह बहादुर चौहान ने कहा कि सतीपुरा ओवरब्रिज लगभग आठ वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद बनकर तैयार हुआ है। इतने लंबे समय तक निर्माण कार्य के चलते आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ी, धूल-मिट्टी और ट्रैफिक अव्यवस्था से लोगों का जीवन प्रभावित रहा। अब जबकि ओवरब्रिज उपयोग के लिए तैयार है, उसके बीच में दीवार बनाकर यातायात को और अधिक जटिल व खतरनाक बना दिया गया है।
नागरिकों ने मांग रखी कि ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण किया जाए, ताकि स्थानीय आवागमन सुचारू रह सके और मुख्य पुल पर यातायात का दबाव कम हो। इसके अलावा बरसात के मौसम में क्षेत्र में जलभराव की समस्या को देखते हुए पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन डालने की भी मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन मूलभूत सुविधाओं के बिना ओवरब्रिज जनता के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































