सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत 100 दुपहिया चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित

97

-यातायात थाना टाउन से जागरूकता रैली, हेलमेट पहनने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। 
जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को यातायात थाना टाउन में एक सराहनीय पहल की गई। इस दौरान 100 दुपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। हेलमेट प्राप्त करने वाले सभी 100 वाहन चालकों ने स्वयं हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी चालकों द्वारा हेलमेट पहनकर जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने आमजन का ध्यान आकर्षित किया।
जागरूकता रैली को अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, डीवाईएसपी मीनाक्षी सहारण एवं यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली भारत माता चौक, भगत सिंह चौक ,रेलवे स्टेशन रोड, जंक्शन होते हुए वापस टाउन में किला हिसारिया मार्केट होते हुए यातायात शाखा पहुंची, रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों को हेलमेट पहनने, गति सीमा का पालन करने एवं यातायात नियमों का सम्मान करने का संदेश दिया गया।
अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क पर प्रत्यक्ष रूप से और युवाओं के पसंदीदा प्लेटफार्म सोशल मीडिया के माध्यम से भी अनिल चिन्दा लगातार सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि निशुल्क हेलमेट वितरण एक अनूठा और प्रभावी प्रयास है, जिससे विशेषकर युवाओं में हेलमेट पहनने की आदत विकसित होगी और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सकेगा।
डीवाईएसपी मीनाक्षी सहारण ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर में चोट लगने के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। ऐसे अभियानों से आमजन में जिम्मेदारी की भावना पैदा होती है।
यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे मजबूत कवच है। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से अधिक लोगों को जागरूक करना है। इसी सोच के तहत समय-समय पर निशुल्क हेलमेट वितरण, जागरूकता रैली, स्कूल-कॉलेजों में संवाद और सोशल मीडिया अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़कें सुरक्षित बन सकें और अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।