-फाल्गुन कीर्तन मेले में श्याम भक्ति में डूबा जैन भवन परिसर
हनुमानगढ़ । फाल्गुन मास के पावन अवसर पर जैन भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में “एक शाम सांवरिया के नाम” विशाल कीर्तन संध्या एवं फाल्गुन कीर्तन मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबा श्याम की भक्ति का ऐसा अनुपम संगम देखने को मिला कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। आयोजन स्थल को आकर्षक फूलों, रोशनी एवं रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कीर्तन संध्या में श्रृंगार सेवा का दायित्व पंडित जी रवि सेवदा, गुरुसर धाम द्वारा निभाया गया। बाबा का भावमय एवं मनमोहक दरबार सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जैसे ही बाबा की ज्योत प्रज्वलित की गई, पूरा पंडाल “जय श्री श्याम” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। वातावरण में ऐसी आध्यात्मिक ऊर्जा फैल गई कि हर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आया।
कार्यक्रम में भजन प्रचारक अमित तिवारी (ऐलनाबाद) एवं कुमार नीरज (भटनेर नगरी) ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अमित तिवारी ने बाबा के भजनों से श्रोताओं को खूब रिझाया, वहीं कुमार नीरज ने होली की धमाल भजनों से पूरे पंडाल में उत्साह और उमंग भर दी। “हारा हूँ बाबा, पर तुझ पर भरोसा है…”, “तीन बाण के धारी तीनों बाण चलाओ ना…”, “सेठों का सेठ, खाटू नरेश…”, “लेने आजा खाटू वाले, रींगस के इस मोड़ पर…” तथा “आया जन्मदिन श्याम का…” जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए।
भजनों की मधुर धुन, चंग की थाप और तालियों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया। श्रद्धालु अपने स्थान पर खड़े होकर झूमते रहे और बाबा श्याम की जय-जयकार करते रहे। हर ओर श्याम नाम की गूंज सुनाई दे रही थी और पूरा पंडाल मानो श्याम रंग में रंग गया हो।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































