– तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, 18 मार्च को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
हनुमानगढ़ । चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री नीलकण्ठ महादेव सेवा प्रन्यास, हनुमानगढ़ जंक्शन के तत्वावधान में श्री काशीनाथ महादेव मंदिर में 19 मार्च से 26 मार्च 2026 तक भव्य शत चंडी पाठ एवं यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर रविवार को प्रन्यास के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के संस्थापक व अध्यक्ष अश्वनी नारंग ने बताया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत 18 मार्च 2026, बुधवार को शाम 3 बजे श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और भक्तजन भाग लेंगे तथा पूरे नगर में भक्ति का वातावरण बनेगा।
आयोजन के दूसरे दिन 19 मार्च 2026, गुरुवार को सुबह 7 बजे से देव पूजन, ब्राह्मण वरण एवं घट स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही सम्पूर्ण नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से देव पूजन और सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक शत चंडी पाठ का आयोजन किया जाएगा।
दोपहर बाद प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से श्री नीलकण्ठ महिला मंडल की ओर से भव्य भजन संध्या एवं कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 4 बजे से 6 बजे तक पुनः शत चंडी पाठ किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन रात्रि 8 बजे शत चंडी हवन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
नवरात्रि का समापन 26 मार्च 2026, गुरुवार को पूर्णाहुति, हवन एवं प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। साथ ही मुख्य यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालुओं से संपर्क करने का आग्रह भी किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































