गांव रामसरा नारायण में आयोजित सहयोग कार्यक्रम में यूथ वीरांगनाओं ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
हनुमानगढ़ । समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय यूथ वीरांगनाएं द्वारा एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश की गई। संगठन की ओर से जरूरतमंद परिवार की कन्या की शादी में घरेलू सामान और फर्नीचर का सहयोग प्रदान किया गया। यह सेवा कार्य रामसरा नारायण गांव में संपन्न हुआ। इस अवसर पर यूथ वीरांगनायें रजनी ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव रामसरा नारायण निवासी रिनु कौर सुपुत्री रणजीत कौर, पत्नी गगनदीप सिंह गिल की पुत्री का विवाह 20 मार्च 2026, शुक्रवार को निर्धारित है। आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण परिवार ने विवाह में सहयोग हेतु यूथ वीरांगनाओं से संपर्क किया। संगठन ने परिवार की स्थिति को समझते हुए घरेलू सामान एवं फर्नीचर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। यूथ वीरांगनाओं की टीम आज गांव रामसरा नारायण स्थित रिनु कौर के निवास पर पहुंची और उन्हें एक डबल बेड, कपड़े, सिलाई मशीन तथा अन्य आवश्यक घरेलू सामान भेंट किया। यह सहयोग पाकर परिवारजनों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलकता नजर आया। इस मौके पर यूथ वीरांगनायें टीम की सदस्य भावना ने बताया कि संगठन द्वारा इससे पूर्व भी कई जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग किया जा चुका है। यूथ वीरांगनाएं केवल विवाह सहयोग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। संगठन द्वारा जरूरतमंद बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना, गरीब परिवारों के लिए शिक्षा सहयोग, चिकित्सा सहायता तथा दवाइयों की व्यवस्था जैसे कार्य भी नियमित रूप से किए जाते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंजू छाबड़ा उपस्थित रहीं उन्होंने यूथ वीरांगनाएं टीम के इस कार्य की भूरि भूरि प्रशंसा की । यूथ वीरांगनायें टीम की सदस्य कंचन, रजनी, मीनाक्षी, संगीता, सीमा, भावना सहित अन्य सदस्याएं भी मौजूद रहीं। सभी ने संगठन के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्य जारी रखने की बात कही।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































