हनुमानगढ़ में झूलेलाल जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया

25

– भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भंडारे ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर
हनुमानगढ़। 
टाऊन के पुज्य सिन्धी पंचायत समिति (रजि.), झूलेलाल मन्दिर समिति व झुलेलाल नारी शक्ति के सयुक्त तत्वाधान में 64 वां चेटीचंड महोत्सव बड़ी धूधाम से मनाया गया । सिंधी समाज के इष्ट देव भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव पर भारी संख्या में समाज के लोगो ने भाग लेकर समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को सशक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक महोदय श्री गणेशराज वंसल व जिला कलक्टर डॉ खुशाल यादव व गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भगवान झूलेलाल जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विधिवत ध्वजारोहण कर मेले का शुभारंभ किया गया। पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष खजानचंद शिवनानी एवं श्री झूलेलाल मंदिर सेवा समिति के बाबा साहिब गिरधारी लाल ककुवानी द्वारा विधिपूर्वक पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं ने भी भक्ति भाव से पूजा में भाग लिया। अपने संबोधन में अध्यक्ष खजानचंद शिवनानी ने कहा कि सिंधी समाज हर वर्ष चेटीचंड महोत्सव को अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाता है। उन्होंने बताया कि इस दिन समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रखे जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक समाजजन इस आयोजन में भाग ले सकें और अपनी आस्था प्रकट कर सकें। इस अवसर पर समाज के सहयोग से भव्य शोभायात्रा एवं वाहन रैली का आयोजन किया गया, जो शहर के मुख्य बाजारों से होकर निकली। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। रैली में समाज के पुरुषों के साथ-साथ भारी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली। पारंपरिक परिधानों में सजे श्रद्धालु भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम के दौरान डांडिया नृत्य, लोकगीतों और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी रंगीन बना दिया। विशेष आकर्षण के रूप में झांसी (उत्तरप्रदेश) से पधारे सूफी भगत उदय राज एंड पार्टी ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और आनंद का संचार हुआ। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। दिनभर भक्ति गीतों और भजन संध्या का दौर चलता रहा, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूज्य सिंधी पंचायत के सचिव घनश्याम दास मेघवानी ने बताया कि यह महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, सांस्कृतिक धरोहर और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सिंधी समाज अपनी परंपराओं को जीवंत बनाए रखता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करता है। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया कि आगामी वर्षों में भी इसी उत्साह, श्रद्धा और एकजुटता के साथ झूलेलाल जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आयोजन ने समाज में भाईचारे, श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का संदेश प्रसारित किया। इस कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मनोहर लाल बाबानी सह सचिव मुरलीधर सखीजा,कोषाध्यक्ष पवन टेकवानी सहित वरिष्ठ सदस्य बाल किशन करमचंदानी, मोहन भारवानी, मुरलीधर हरवानी ललित प्रेमजानी व मेला प्रभारी गोविंद राम टेकवानी सहप्रभारी फ़त्तू राम बाबानी आदि सहित हजारों की संख्या में लोग सम्मिलित हुए

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।