-यजमानों ने की पूजा-अर्चना, नरसी मेहता के चरित्र का हुआ संगीतमय प्रस्तुतीकरण
हनुमानगढ़। शहर के फाटक गौशाला, किले के पास बरकत कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित श्री भक्तमाल कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के समापन दिवस पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया। कथा का आयोजन सुंदरकांड महिला मंडल, हनुमानगढ़ टाउन द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दूसरे दिन कथा प्रारंभ होने से पूर्व यजमान अर्चित अग्रवाल, अमित मदान एवं गौरव जैन द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई पूजा के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
इसके पश्चात कथावाचक मां चैतन्य मीरा ने अपने मुखारविंद से महान कृष्ण भक्त नरसी मेहता के जीवन चरित्र का संगीतमय एवं प्रेरणादायक वर्णन किया। उन्होंने नरसी मेहता की अटूट भक्ति, भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनके समर्पण और जीवन में आए संघर्षों को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए श्रद्धालुओं को सच्ची भक्ति और सेवा का संदेश दिया। कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों और कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और पूरा वातावरण भक्ति रस से गूंज उठा। फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया आज सुबह मां चेतन्य मीरा के सानिध्य में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हवनयज्ञ में आहुति डाली । उन्होंने बताया इस आयोजन का उद्देश्य समाज में भक्ति, प्रेम और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि दोनों ही दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उन्होंने बताया कि श्री भक्तमाल कथा के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके। आयोजन के सफल संचालन में महिला मंडल की सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता और सद्भावना को बढ़ावा देते हैं। कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और समापन दिवस पर भी श्रद्धालुओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































