IPL 2026: अब नहीं चलेगी खिलाडियों की मनमानी! BCCI ने लगाए 5 नए नियम, जानें सबकुछ

158

आईपीएल 2026 (IPL 2026) शुरू होने से पहले BCCI ने ऐसा फैसला लिया है, जो खिलाड़ियों की दिनचर्या से लेकर उनके निजी दायरे तक को बदल सकता है। इस बार सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि अनुशासन और सिस्टम को लेकर भी बोर्ड सख्त नजर आ रहा है।

नए नियमों का मकसद साफ है, टीम में एकरूपता बनाए रखना, पिच की सुरक्षा करना और टूर्नामेंट के माहौल को प्रोफेशनल बनाना। लेकिन इन गाइडलाइंस में कुछ ऐसे बदलाव भी हैं, जो फैंस और खिलाड़ियों दोनों के लिए चर्चा का विषय बन गए हैं।

अब हर खिलाड़ी को करनी होगी टीम बस से ही यात्रा
इस बार सबसे बड़ा बदलाव खिलाड़ियों की आवाजाही को लेकर किया गया है। अब सभी खिलाड़ियों को प्रैक्टिस सेशन और मैच के लिए सिर्फ टीम बस से ही आना-जाना होगा। पहले कई खिलाड़ी, खासकर अपने होम ग्राउंड पर, निजी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बोर्ड का मानना है कि इससे टीम में एकजुटता बढ़ेगी और सभी खिलाड़ियों के लिए एक जैसा नियम लागू होगा।

परिवार और दोस्तों के लिए भी सख्त गाइडलाइन
नए नियमों के तहत खिलाड़ियों के परिवार और दोस्त अब टीम बस में सफर नहीं कर पाएंगे। उन्हें अलग से व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा ड्रेसिंग रूम में भी उनकी एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। चाहे मैच का दिन हो या प्रैक्टिस सेशन। अगर परिवार के लोग अभ्यास देखना चाहते हैं, तो उन्हें केवल तय किए गए हॉस्पिटैलिटी एरिया से ही देखने की अनुमति होगी।

मैच वाले दिन प्रैक्टिस और फिटनेस टेस्ट पर रोक
बोर्ड ने पिच की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैच के दिन मैदान पर किसी भी तरह के प्रैक्टिस सेशन पर रोक लगा दी है।इतना ही नहीं, पिच के मुख्य हिस्से यानी मेन स्क्वायर पर फिटनेस टेस्ट करने की भी इजाजत नहीं होगी, ताकि पिच की क्वालिटी पर कोई असर न पड़े।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

ऑरेंज कैप और पर्पल कैप के लिए नया नियम
इस सीजन में ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस में आगे चल रहे खिलाड़ियों के लिए भी नया नियम लागू किया गया है। ऐसे खिलाड़ियों को मैच के दौरान यह कैप पहनना अनिवार्य होगा। अगर कोई खिलाड़ी इसे पूरे समय नहीं पहनना चाहता, तो कम से कम शुरुआती दो ओवर तक कैप पहनना जरूरी होगा, ताकि ब्रॉडकास्ट के दौरान फैंस उन्हें पहचान सकें।

ड्रेस कोड पर भी सख्ती
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन को लेकर भी नए नियम बनाए गए हैं। अब खिलाड़ी स्लीवलेस जर्सी या फ्लॉपी हैट पहनकर प्रेजेंटेशन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। पहली बार नियम तोड़ने पर चेतावनी दी जाएगी, लेकिन बार-बार ऐसा करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।