श्रम विभाग की मध्यस्थता से भट्ठा मालिकों व मजदूर यूनियन में समझौता

97

-सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद एक वर्ष के लिए लागू रहेगा त्रिपक्षीय अनुबंध
हनुमानगढ़। कार्यालय श्रम कल्याण अधिकारी के तत्वावधान में जिले के ईंट-भट्टा मालिकों एवं मजदूर यूनियन के बीच महत्वपूर्ण समझौता सम्पन्न हुआ। यह समझौता श्रम विभाग की मध्यस्थता से सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विभिन्न बिंदुओं पर सहमति जताई। समझौते में राजस्थान अम्बेडकर ईंट भट्ठा मजदूर यूनियन हनुमानगढ़ एवं पीलीबंगा के प्रतिनिधियों के साथ भट्ठा मालिक एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल रहे।
श्रम कल्याण अधिकारी देवेन्द्र मोदी की मध्यस्थता में आयोजित बैठक में मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। यूनियन की ओर से रविन्द्र बावरी ने श्रमिकों का पक्ष रखा, जबकि भट्ठा मालिकों की ओर से प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी। दोनों पक्षों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद सहमति बनी और त्रिपक्षीय समझौते को अंतिम रूप दिया गया।
समझौते के तहत श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य परिस्थितियों में सुधार, सुविधाओं की उपलब्धता तथा आपसी विवादों के समाधान के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। विशेष रूप से भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर सहमति बनी। इसके अलावा श्रमिकों को यात्रा संबंधी सहायता देने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे बाहर से आने वाले श्रमिकों को राहत मिल सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न होने पर श्रमिक कार्य बंद नहीं करेंगे, बल्कि अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से तत्काल समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। इससे उत्पादन कार्य प्रभावित नहीं होगा और दोनों पक्षों के बीच समन्वय बना रहेगा।
इस मौके पर कालूराम, हरीश शर्मा, परमानंद शोरगर, गोवर्धन शोरगर, गोपीराम बावरी, रविन्द्र बावरी को श्रम अधिकारी ने समझौता पत्र सौपा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।