बिहार के नालंदा मंदिर में भगदड़, 9 महिलाओं की मौत, राष्ट्रपति दौरे में बिजी प्रशासन

179

बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़ में 9 लोगों (Bihar Temple Stampede) की मौत हो गई जिसमें 8 महिलाएं हैं। जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब मंदिर परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हो गए थे, जिससे अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नूरुल हक ने बताया कि इस हादसे में कम से कम आठ महिलाओं की जान गई है और घायलों का इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हर मंगलवार को इस मंदिर में भारी भीड़ होती है और लोग दूर-दूर से दर्शन के लिए आते हैं। कई लोगों ने इस हादसे के लिए अव्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि कोई भी लाइन में खड़ा नहीं होना चाहता था और सभी पहले दर्शन करने की कोशिश कर रहे थे। चैत महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण भीड़ और ज्यादा थी।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरा शोक जताया और इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दे रही है और घायलों के इलाज के लिए उचित इंतजाम किए गए हैं।

राष्ट्रपति दौरे के बीच व्यस्त था प्रशासन
बताया जा रहा है कि घटना के समय जिले के वरिष्ठ अधिकारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नालंदा दौरे की तैयारियों में व्यस्त थे। राष्ट्रपति को नालंदा के ऐतिहासिक खंडहरों का दौरा करना था, जो मंदिर के पास ही स्थित हैं।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

सरकार ने दिए जांच के आदेश, मुआवजे का ऐलान
घटना के बाद बिहार सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्य सचिव को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है, जिसमें 4 लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। पिछले साल आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ के दौरान नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी।

चैनल को सब्सक्राइब करें

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।