– स्वर्ण, रजत व कांस्य पदकों की झड़ी, आशु बने राजस्थान के बेस्ट प्लेयर
हनुमानगढ़। 26 से 28 मार्च तक बीकानेर में आयोजित 19वीं राज्य स्तरीय जूनियर वुशू प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में जिले की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राजस्थान में दूसरा स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ी दक्ष सहारण, आशु, कर्मवीर और दिव्या ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं मनीष कुमार और पारस कुमार ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा संदीप, हर्षित, हरमन कौर और योगिता ने कांस्य पदक जीतकर टीम की उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विशेष उपलब्धि के रूप में 48 किलोग्राम भार वर्ग में आशु को पूरे राजस्थान का बेस्ट प्लेयर अवार्ड प्रदान किया गया, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।
हनुमानगढ़ पहुंचने पर राजीव गांधी स्टेडियम में सभी विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू, मुख्य अतिथि अमित साहू, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, भाजपा नेता ओम सोनी, पूर्व पार्षद हिमांशु महर्षि, राज्य कर अधिकारी नितिन चुघ, कोच इकबाल सिंह, ओम सेन, देवेन्द्र पुनिया और जगतार सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई तथा हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































