आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए राघव चड्ढा (Raghav Chadha) को डिप्टी लीडर पद से हटा दिया है। उनकी जगह पंजाब से सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर यह जानकारी दी।
लेटर में कहा कि सदन में पार्टी की तरफ से बोलने का समय न दिया जाए। राघव 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल 2028 तक है। पार्टी ने इस फैसले की वजह नहीं बताई है। हालांकि, उन्होंने लंबे समय से पार्टी से दूरी बना ली थी और AAP को लेकर कोई बयान नहीं दे रहे हैं।
वहीं, संजय सिंह पहले से ही सदन में आम आदमी पार्टी के नेता हैं। फिलहाल राज्यसभा में पार्टी के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें 7 पंजाब और 3 दिल्ली से हैं। संख्या के लिहाज से AAP, बीजेपी, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बाद चौथी सबसे बड़ी पार्टी है।
ये भी पढ़ें: ये आधी रात को पश्चिम बंगाल में क्या हुआ? क्यों 7 इलेक्शन ऑर्ब्जवर को बनाया बंधक, देखें VIDEO
इस फैसले को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि राघव चड्ढा को लंबे समय तक पार्टी के शीर्ष नेताओं में गिना जाता रहा है और वे अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाते थे। ऐसे में उन्हें इस पद से हटाया जाना कई सवाल खड़े करता है।
संसद के पिछले दो सत्रों में राघव ने आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए
राघव चड्ढा राज्यसभा में सक्रिय रहे हैं और उन्होंने एयरपोर्ट पर महंगे खाने, गिग वर्कर्स के अधिकार और बड़े शहरों में ट्रैफिक जैसी अहम मुद्दों को उठाया है।
दिसंबर 2025 शीतकालीन सत्र
- गिग वर्कर्स का मुद्दा: ब्लिंकिट, जोमैटो और स्विगी जैसे डिलीवरी पार्टनर्स के कम वेतन, 10-मिनट डिलीवरी मॉडल और सामाजिक सुरक्षा की कमी।
- डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स: कॉपीराइट एक्ट 1957 में संशोधन की मांग की, ताकि शिक्षकों और इन्फ्लुएंसर्स को एल्गोरिदम और गलत ‘टेकडाउन’ से बचाया जा सके।
- स्वास्थ्य क्षेत्र: ‘एक देश, एक स्वास्थ्य उपचार’ (One Nation, One Health Treatment) की वकालत की और निजी अस्पतालों की बदहाली पर चिंता जताई।

बजट सत्र फरवरी 2026
- खाद्य मिलावट: राज्यसभा में यूरिया और अन्य मिलावटों का मुद्दा उठाया।
- एयरपोर्ट पर सस्ता खाना: एयरपोर्ट पर यात्रियों को सस्ता खाना मिले, इसके लिए सभी 150+ एयरपोर्ट्स के डिपार्चर एरिया में किफायती कैफे की मांग की।
- 28-दिन का रीचार्ज: मोबाइल रीचार्ज 28 दिन के बजाय पूरे कैलेंडर महीने (30 ये 31) का हो, बचा हुआ डेटा अगले महीने जुड़ जाए।
- बैंक पेनल्टी: मिनिमम बैलेंस न रखने पर लगने वाले जुर्माने को पूरी तरह खत्म करने का प्रस्ताव दिया।
- संयुक्त इनकम टैक्स फाइलिंग: विवाहित जोड़ों के लिए एक साथ इनकम टैक्स फाइलिंग का विकल्प दिया जाए।
- पितृत्व अवकाशः भारत में पितृत्व अवकाश (paternity leave) को एक कानूनी अधिकार बनाया जाना चाहिए।
कौन है अशोक मित्तल
अशोक मित्तल पंजाब से AAP के राज्यसभा सांसद हैं। वे जालंधर के रहने वाले हैं। पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर और चांसलर हैं। 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे। राजनीति में आने से पहले वह कामयाब बिजनेसमैन रहे हैं। उनका परिवार ‘लवली ग्रुप’ का मालिक है, जो ऑटोमोबाइल और मिठाई (लवली स्वीट्स) के व्यवसाय से जुड़ा है।



































