सड़क निर्माण में लापरवाही और अतिक्रमण से जनता परेशान, जाम लगाकर किया विरोध

81

– एडीएम के आश्वासन के बाद खुला जाम, सही लेवल पर सड़क बनाने का भरोसा
हनुमानगढ़। 
जंक्शन के मुख्य बाजार में बरसात के मौसम के दौरान जलभराव की पुरानी समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा नई सड़क का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है, लेकिन धीमी गति और अव्यवस्थित कार्यशैली के चलते आमजन को राहत मिलने के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से राजीव चौक से अंबेडकर चौक तक सड़क निर्माण का कार्य पिछले करीब एक महीने से जारी है, लेकिन अब तक सड़क को पूरी तरह तोड़कर छोड़ दिया गया है और निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है।
सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कल शुक्रवार को भी एक हादसा सामने आया, जब एक गुजरती कार के टायर से उछला पत्थर पास स्थित एक निजी होटल के मुख्य गेट के बड़े शीशे से जा टकराया, जिससे शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इसके अलावा छोटे-बड़े कई हादसे रोजाना हो रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में रोष व्याप्त है।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब एक निजी मॉल और होटल संचालक, जो कि एक बड़े भाजपा नेता बताए जा रहे हैं, ने सड़क के एक हिस्से पर अतिक्रमण करते हुए इंटरलॉक टाइल्स लगाने का कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि 40 फीट चौड़ी सड़क में से करीब 20 फीट हिस्से पर अपने प्रतिष्ठान में आने-जाने वाले लोगों की सुविधा के नाम पर कब्जा किया जा रहा है। इससे न केवल सड़क की चौड़ाई कम हो रही है, बल्कि सड़क निर्माण के मूल उद्देश्य पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई कि इंटरलॉक टाइल्स सड़क के एक साईड बने नाले से करीब डेढ़ फीट नीचे लगाई जा रही हैं, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या जस की तस बनी रहने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क का लेवल सही नहीं रखा गया तो प्रशासन द्वारा किया जा रहा यह पूरा निर्माण कार्य बेकार साबित होगा और जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा व्यर्थ जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।