मातृत्व दिवस पर अपना घर वृद्ध आश्रम में बुजुर्ग माताओं का सम्मान, एलईडी भेंट

105

 हनुमानगढ़ टाउन में श्री अरोड़वंश सभा द्वारा संचालित अपना घर वृद्ध आश्रम में मातृत्व दिवस के अवसर पर भावनात्मक और प्रेरणादायक आयोजन हुआ। इस अवसर पर हनुमानगढ़ क्लॉथ मर्चेंट वेलफेयर सोसायटी की ओर से वृद्ध आश्रम में रह रही माताओं के मनोरंजन हेतु एक एलईडी भेंट की गई। आयोजन का उद्देश्य बुजुर्ग माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना और उनके जीवन में खुशी के पल जोड़ना रहा।
वेलफेयर सोसायटी के सचिव संदीप ग्रोवर ने बताया कि मातृत्व दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि माताओं के त्याग और समर्पण को नमन करने का अवसर है। इसी भावना के साथ सोसायटी ने वृद्ध माताओं के सम्मान में यह एलईडी भेंट की, ताकि वे अपने समय का आनंद ले सकें और मनोरंजन के साधन उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं और उनकी सेवा करना हमारा दायित्व है। क्लॉथ मर्चेंट वेलफेयर सोसायटी के उपाध्यक्ष गोविंद सोमानी ने कहा कि क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन हमेशा से सामाजिक व धार्मिक जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने वृद्ध आश्रम के संचालकों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी यदि किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वेलफेयर सोसायटी बुजुर्गों के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
इस अवसर पर सोसायटी के पदाधिकारियों ने वृद्धजनों से आत्मीय बातचीत की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष शेरू बाबानी, सचिव संदीप ग्रोवर, सहसचिव श्रेष्ट काठपाल, खेमचंद, राकेश अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। वहीं अपना घर वृद्ध आश्रम के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह मिड्ढा एवं अरोड़वंश सभा के अध्यक्ष रामलुभाया तिन्ना ने क्लॉथ मर्चेंट वेलफेयर सोसायटी का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को अनुकरणीय बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।