-आर्ट, डांस, योगा व रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से निखारी जाएगी बच्चों की प्रतिभा
हनुमानगढ़। बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन देने तथा उनके बचपन को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित क्राउन सिटी में समर कैम्प का शुभारम्भ किया गया। समर कैम्प का उद्घाटन सामाजिक समरस्ता न्याय मंच के अध्यक्ष रामप्रताप उर्फ प्रकाशनाथ, सर्वभाट राव ऑल इण्डिया फाऊंडेशन के जिलाध्यक्ष विजय कुमार भाट, प्रशिक्षिका सोनिका राठौड़, निहारिका तथा पूजा भाटी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
समर कैम्प के शुभारम्भ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कला, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। ऐसे शिविर बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को बाहर लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
प्रशिक्षिका सोनिका राठौड़ ने बताया कि समर कैम्प में बच्चों को आर्ट एंड क्राफ्ट, नृत्य, गायन, खेलकूद, योगा तथा अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मक सोच और सामाजिक व्यवहार का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल और डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों का बचपन सीमित होता जा रहा है, ऐसे में इस प्रकार के समर कैम्प बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि कैम्प के दौरान बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ नैतिक शिक्षा और सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में एक अच्छे नागरिक बन सकें। बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
सामाजिक समरस्ता न्याय मंच के अध्यक्ष रामप्रताप उर्फ प्रकाशनाथ ने कहा कि सोनिका राठौड़ और उनकी टीम द्वारा शुरू किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस प्रकार की गतिविधियों की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































