गुरूद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी में ‘गुरू कृपा लेबोरेट्री’ का शुभारम्भ

47

-रियायती दरों पर होगी ब्लड जांच, भविष्य में ओपीडी सेवा शुरू करने की भी योजना
हनुमानगढ़। सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए गुरूद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी द्वारा रविवार को गुरू कृपा चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से गुरूद्वारा परिसर में “गुरू कृपा लेबोरेट्री” की स्थापना की गई। लेबोरेट्री का शुभारम्भ विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल, निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, पार्षद गुरदीप चहल, गुरूद्वारा प्रधान रणजीत सिंह, संरक्षक जरनैल सिंह मुत्ती, मास्टर सुरेन्द्र सिंह, गुरूद्वारा सिंह सभा प्रधान नक्षत्र सिंह, दशमेश पिता गुरूद्वारा साहिब के प्रधान थाना सिंह तथा गुरूद्वारा नामदेव के प्रधान मान सिंह द्वारा संयुक्त रूप से सरबत के भले की अरदास के पश्चात किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगतजन उपस्थित रहे और गुरूद्वारा प्रबंधन की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गुरूद्वारा हमेशा से ही समाज सेवा, मानव कल्याण और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में यह नई पहल आमजन को राहत प्रदान करेगी।
गुरूद्वारा प्रवक्ता मास्टर सुरेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि “गुरू कृपा लेबोरेट्री” में बेहद रियायती दरों पर हर प्रकार की ब्लड जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें। उन्होंने कहा कि आज के समय में महंगी चिकित्सा जांच आम आदमी के लिए परेशानी का कारण बन रही है, ऐसे में गुरूद्वारा द्वारा शुरू की गई यह सेवा समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
उन्होंने बताया कि गुरूद्वारा प्रबंधन की भविष्य में ओपीडी सेवा शुरू करने की भी योजना है। संगतों और समाज के सहयोग से जल्द ही इस लक्ष्य को भी पूरा कर आमजन को समर्पित किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श और चिकित्सा सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।