– 35 परिंदे बांधकर पानी व दाने-चौगे की व्यवस्था की
हनुमानगढ़ टाउन के पूर्ण नगर स्थित शीलामाता मंदिर के पास यूथ वीरांगनाओं द्वारा सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए भीषण गर्मी में प्यासे बेजुबान पक्षियों के लिए 35 परिंदे बांधे गए। इस सराहनीय पहल का उद्देश्य गर्मी के मौसम में पक्षियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना और उन्हें राहत पहुंचाना रहा। संस्था की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी जमकर सराहना की। इस अवसर पर यूथ वीरांगना रजनी ने बताया कि संगठन लगातार समाज और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पानी की कमी के कारण बड़ी संख्या में पक्षियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और कई बार उनकी मृत्यु तक हो जाती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व बनता है कि वह बेजुबान पक्षियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करे। उन्होंने बताया कि संस्था ने केवल परिंदे बांधने तक ही अपनी सेवा सीमित नहीं रखी, बल्कि पक्षियों के लिए दाने-चौगे की भी उचित व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें भोजन की कमी का सामना न करना पड़े। इस अभियान में यूथ वीरांगनाएं ज्योति, संगीता, कंचन, मीनाक्षी, रजनी, ऐशना, प्राची, रीमा और कोमल, सीमा सहित अन्य सदस्याओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और सेवा कार्य को सफल बनाया। यूथ वीरांगना संस्था की सदस्य एशना ने बताया कि संस्था महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है। संस्था की ओर से निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण तथा कोचिंग सेंटर जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा अभी पिछले दिनों में तीन जरुरतमंद कन्याओं की शादी में सहयोग किया है , जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना , राशन देना और समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। अंत में यूथ वीरांगनाओं ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे और जरूरतमंदों को सहायता मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































