भीषण गर्मी में सफाई कर्मचारियों ने उठाई एक पारी ड्यूटी की मांग

29

-जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, समय पर वेतन और वेतनवृद्धि की भी रखी मांग
हनुमानगढ़।
 भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू के बीच नगरपरिषद हनुमानगढ़ के सफाई कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मांग की कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए सफाई कार्य दो पारियों के बजाय एक ही पारी में करवाया जाए, ताकि कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
सफाई कर्मचारियों द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में जिले में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है तथा हीट वेव के कारण दिन के समय सफाई कार्य करना बेहद कठिन हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई कर्मचारियों की तबीयत खराब हो रही है। लू लगने से बुखार, उल्टी, चक्कर आना, बी.पी. की समस्या जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में दो पारियों में ड्यूटी करना स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पारी में निर्धारित की जाए, जिससे भीषण गर्मी के समय कर्मचारियों को राहत मिल सके। कर्मचारियों ने यह भी उल्लेख किया कि श्रीगंगानगर नगरपरिषद द्वारा भी हीट वेव को देखते हुए 19 मई 2026 को जारी आदेश के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी एक समय कर दी गई है। उसी प्रकार हनुमानगढ़ में भी समान व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।
इसके अलावा कर्मचारियों ने नगरपरिषद में एनजीओ के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि एनजीओ के माध्यम से लगे कर्मचारियों को काफी कम वेतन दिया जा रहा है तथा वेतन भी समय पर नहीं मिलता। कर्मचारियों का कहना है कि अन्य राज्यों में इसी प्रकार कार्यरत कर्मचारियों को अपेक्षाकृत अधिक वेतन मिलता है, जबकि राजस्थान में कम वेतन दिया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।