20वीं बार लगातार भरोसा कायम, रतिराम शाक्य फिर बने अध्यक्ष

32

– फल एवं सब्जी मंडी आढ़ती यूनियन की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन, मनिंदर सिंह मिक्का बने सचिव
हनुमानगढ़। फल एवं सब्जी मंडी आढ़ती यूनियन की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जंक्शन स्थित सब्जी मंडी प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में यूनियन के सभी सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा संगठन की गतिविधियों, गत वर्ष के कार्यों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण रहा।
बैठक की शुरुआत यूनियन के सचिव ओमप्रकाश सैनी द्वारा गत वर्ष का आय-व्यय एवं संगठन का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत करने के साथ हुई। उन्होंने विस्तार से संगठन की वित्तीय स्थिति, मंडी से जुड़े कार्यों एवं यूनियन द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी दी। प्रस्तुत लेखा-जोखे पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से उसे पारित कर दिया।
इसके बाद बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा शुरू हुई। इस दौरान सचिव ओमप्रकाश सैनी ने अध्यक्ष पद के लिए रतिराम शाक्य का नाम प्रस्तावित किया। प्रस्ताव का उपस्थित सभी सदस्यों ने जोरदार समर्थन किया और सर्वसम्मति से रतिराम शाक्य को आगामी कार्यकारिणी का अध्यक्ष चुन लिया। रतिराम शाक्य पिछले करीब 20 वर्षों से यूनियन के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं तथा उनके नेतृत्व में मंडी में संगठन को मजबूती मिली है। सदस्यों ने उनके अनुभव, कार्यशैली एवं संगठनात्मक क्षमता पर विश्वास जताते हुए उन्हें लगातार 21वीं बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद रतिराम शाक्य ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूनियन के हितों की रक्षा, व्यापारियों की समस्याओं का समाधान एवं मंडी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वे पहले की तरह पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही सभी व्यापारियों की ताकत है और सभी को मिलकर एकजुटता बनाए रखनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।