तपते भारत को मिलेगी राहत? अगले 8 दिनों में बारिश का बड़ा अलर्ट, जानें सबकुछ

81

भारत के 80-90% हिस्सों में 29 मई से 5 जून के बीच प्री-मानसून बारिश (monsoon in kerala) होने की संभावना जताई गई है। यह बारिश इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि अब तक मानसून केरल नहीं पहुंच पाया है। मौसम विभाग ने इसके 26 मई तक पहुंचने का अनुमान लगाया था।

मानसून के केरल पहुंचने के लिए राज्य के 14 निर्धारित मौसम केंद्रों पर लगातार दो दिनों तक कम से कम 2.5 मिमी बारिश दर्ज होना जरूरी है। फिलहाल दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण बादलों की सक्रियता कमजोर हुई है। हालांकि, अगले 2-3 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की उम्मीद है।

यूरोपीय मौसम एजेंसी ECMWF (यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स) ने भारत में अगले 15 दिनों के बारिश के अनुमान जारी किए हैं। सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय आंकड़ों के आधार पर तैयार इस पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले आठ दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है।

दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बांदा 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां लगातार नौवें दिन तापमान 47 डिग्री के पार दर्ज किया गया। राज्य के उरई (45.8°C), झांसी (45.5°C), प्रयागराज (45.4°C), आगरा (45.3°C) और हमीरपुर (45.2°C) में भी पारा 45 डिग्री से ऊपर रहा।

राजस्थान में श्रीगंगानगर 47°C तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं बीकानेर और फलोदी में 46°C, जैसलमेर में 45.6°C और कोटा में 45.4°C तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर बना रहा और अधिकतम तापमान 43.2°C रिकॉर्ड किया गया।

महाराष्ट्र में भी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। ब्रह्मपुरी में अधिकतम तापमान 46.6°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.5°C अधिक था। चंद्रपुर में 46.4°C, वर्धा में 46°C, नागपुर के सोनेगांव में 45.5°C और गोंदिया में 45.2°C तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा हरियाणा के सिरसा में 46°C, रोहतक में 45.6°C और पंजाब के बठिंडा में 45.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का असर जारी रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5°C रहा, जो सामान्य से 3.1°C ज्यादा था।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Panchdoot News (@panchdoot_news)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।