हनुमानगढ़। नारायणी देवी सामाजिक संस्थान द्वारा संस्था संस्थापक नारायणी देवी की तीसरी पुण्यतिथि के पावन अवसर पर वार्ड 52 के वार्डवासियों द्वारा श्रद्धांजलि स्वरूप ठंडे मीठे जल व मीठे तरबूज की छबील का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के इस मौसम में राहगीरों के लिए यह छबील संजीवनी साबित हुई। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और इस पुण्य कार्य में सेवा दी। कार्यक्रम संयोजक शंकर लाल स्वामी ने बताया कि माता स्वर्गीय नारायणी देवी समाज सेवा में सदैव अग्रणी रही हैं। उन्होंने अपने जीवन में अनेक सामाजिक और धार्मिक कार्य किए, जिनसे समाज को दिशा मिली। उन्हीं की प्रेरणा से वार्ड 52 के निवासी हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि को सेवा कार्यों के माध्यम से याद करते हैं। इस वर्ष भी निर्जला एकादशी के पावन दिन पर ठंडे जल और तरबूज की छबील लगाकर राहगीरों की सेवा की गई। स्वामी ने बताया कि पुण्यतिथि पर सायंकाल में भव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय व प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजन संध्या के उपरांत छोले, पूरी व खीर का विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि समाज की युवा पीढ़ी को भी सेवा और परोपकार की भावना से जोड़ना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को बल मिलता है। इस मौके पर मोहनलाल स्वामी, विजय कुमार, चोरूलाल, राधेश्याम, नौरगलाल, बेबी, साधना देवी, अराधना, मांगीलाल, ललित, अमित, मनोज, हेमंत, अनुज, मदन व अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































