पहली बारिश में खुली नगरपरिषद की व्यवस्थाओं की पोल

30

– खाली प्लॉटों में पानी छोड़ने की तैयारी पर वार्डवासियों का विरोध, दोबारा नुकसान होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। 
गर्मी भरे मौसम के बीच सोमवार को हुई पहली बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं नगरपरिषद की व्यवस्थाओं पर कई सवाल भी खड़े कर दिए। करीब 30 मिनट तक लगातार हुई बारिश के बाद जंक्शन स्थित सिविल लाइन क्षेत्र में एसटीपी प्लांट के निकट नगरपरिषद द्वारा खाली प्लॉटों की ओर बने बंधे को तोड़ने के लिए जेसीबी मशीन भेजे जाने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
वार्डवासियों का आरोप है कि नगरपरिषद हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय खाली पड़े प्लॉटों में पानी भरने का आसान रास्ता अपनाती है। लोगों ने बताया कि नगरपरिषद की ओर से नीलामी के माध्यम से आमजन ने इस पॉश क्षेत्र में लाखों रुपये खर्च कर प्लॉट खरीदे थे, लेकिन बारिश आते ही इन प्लॉटों को जल निकासी के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की जाती है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि नगरपरिषद का ड्रेनेज सिस्टम और एसटीपी प्लांट की व्यवस्था प्रभावी ढंग से कार्य नहीं कर रही है। ऐसे में बारिश का पानी निकालने के लिए प्रशासन के पास कोई ठोस योजना दिखाई नहीं देती। इसी कारण हर बार खाली प्लॉटों और रिहायशी क्षेत्रों को जलभराव का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष भी नगरपरिषद ने इसी प्रकार पानी को खाली प्लॉटों की ओर मोड़ दिया था, जिससे आसपास बने मकानों को भारी नुकसान पहुंचा था। कई घरों में पानी घुस गया था और स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि कुछ परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। प्रशासन और पुलिस की सहायता से कई लोगों को अस्थायी रूप से अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया गया था।
वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने जीवनभर की कमाई लगाकर यहां मकान और प्लॉट खरीदे हैं, लेकिन नगरपरिषद की लापरवाही के कारण हर बरसात में उन्हें अपने आशियाने की चिंता सताने लगती है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस बार भी नगरपरिषद ने पानी को इन प्लॉटों में छोड़ने का प्रयास किया तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है और क्षेत्रवासी इसका पुरजोर विरोध करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।