भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए राहत का प्रयास

30

– कुम्हार धर्मशाला में राष्ट्रीय युवक परिषद ने लगाए 21 परिण्डे
हनुमानगढ़ 
जंक्शन स्थित कुम्हार धर्मशाला में आज राष्ट्रीय युवक परिषद की ओर से भीषण गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की गई। इस दौरान परिषद के सदस्यों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कुल 21 परिण्डे लगाए। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, जीव दया और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित रहा, जिसे स्थानीय नागरिकों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि तेज गर्मी के कारण पक्षियों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर जल स्रोत सूख जाने से पक्षियों का जीवन संकट में आ जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए परिषद द्वारा लगातार परिण्डे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बेजुबान पक्षियों को राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि परिषद पूरे जिले में निरंतर इस प्रकार के सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य कर रही है। इस अवसर पर विनोद प्रजापत, सुनील प्रजापत, निहाल सिंह, पवन सोनी, रामलाल कावलिया, रामगोपाल सेन, श्रीमती विमला, राजकुमार प्रजापत, कुमारी रखी, मानवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कुम्हार धर्मशाला व आसपास के परिसर में पेड़ों पर परिण्डे लगाए और उनमें नियमित रूप से पानी भरने का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।