सोमवती अमावस्या पर महिला सत्संग मंडल ने लगाया भंडारा

29

श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को वितरित की कचोरी, लस्सी, छाछ व मिठाई
हनुमानगढ़। 
टाउन की नई धान मंडी स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में सोमवार को सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर महिला सत्संग मंडल द्वारा भंडारे का आयोजन कर पुण्यदान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई। महिला सत्संग मंडल की सक्रिय सदस्यों ने बताया कि सोमवती अमावस्या का हिंदू धर्म में विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन स्नान, दान, जप-तप एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा पितरों की कृपा भी प्राप्त होती है। यही कारण है कि इस दिन धार्मिक और सेवा कार्यों का विशेष महत्व रहता है। भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए कचोरी, लस्सी, छाछ एवं मिठाई की व्यवस्था की गई। महिला सत्संग मंडल की सदस्यों ने स्वयं अपने हाथों से लोगों को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर महिला सत्संग मंडल ने श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष पवन खदरिया एवं सचिव जितेंद्र कंदोई का आभार व्यक्त किया। मंडल की महिलाओं ने कहा कि मंदिर समिति का सहयोग उन्हें प्रत्येक धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में निरंतर प्राप्त होता है, जिससे ऐसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो पाते हैं।मंडल की सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को सुदृढ़ करना भी है। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में अच्छी-खासी भीड़ रही। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने महिला सत्संग मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए गर्मी के मौसम में इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।