WhatsApp पर आया नया सब्सक्रिप्शन प्लान, जानिए कौन-कौन से फीचर्स होंगे अनलॉक

89

अब तक व्हाट्सएप अपनी मुफ्त मैसेजिंग सेवा के लिए जाना जाता रहा है। चैटिंग, वॉयस और वीडियो कॉल, स्टेटस शेयर करना या फिर फोटो-वीडियो भेजना, इन सभी सुविधाओं का इस्तेमाल यूजर्स बिना किसी शुल्क के करते हैं। लेकिन अब मेटा ने उन लोगों के लिए एक नया विकल्प पेश किया है, जो अपने व्हाट्सएप को पहले से ज्यादा पर्सनल और स्टाइलिश बनाना चाहते हैं।

कंपनी ने भारत में एंड्रॉयड और iPhone यूजर्स के लिए WhatsApp Plus नाम से एक नया वैकल्पिक सब्सक्रिप्शन प्लान रोलआउट करना शुरू कर दिया है। यह व्हाट्सएप का पहला आधिकारिक पेड प्लान बताया जा रहा है, जिसमें कई एक्सक्लूसिव कस्टमाइजेशन फीचर्स शामिल किए गए हैं।

सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को 10 स्पेशल रिंगटोन्स भी मिलेंगी। इनमें Flutter, Ripple, Meadow, Carnival, Tempo, Bubble और Quest जैसे कई नए साउंड शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ प्रीमियम स्टिकर पैक्स भी दिए जाएंगे, जो मुफ्त यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इन स्टिकर्स की मदद से चैटिंग का अनुभव पहले से ज्यादा मजेदार और आकर्षक बनाया जा सकेगा।

क्या है WhatsApp Plus?
WhatsApp Plus को एक कस्टमाइजेशन पैकेज के तौर पर पेश किया गया है। यह ऐप के मुख्य फीचर्स में कोई बदलाव नहीं करता, बल्कि यूजर्स को इंटरफेस और एक्सपीरियंस को अपनी पसंद के अनुसार बदलने के अतिरिक्त विकल्प देता है। इस सब्सक्रिप्शन के साथ यूजर्स नए थीम्स, अलग-अलग ऐप आइकन, ज्यादा चैट्स पिन करने की सुविधा, एक्सक्लूसिव रिंगटोन्स और प्रीमियम स्टिकर पैक्स का लाभ उठा सकते हैं।

कितनी है कीमत?
भारत में WhatsApp Plus की कीमत 79 रुपये प्रति माह रखी गई है। नए यूजर्स को शुरुआत में एक महीने का फ्री ट्रायल भी मिलेगा, ताकि वे पहले इस सर्विस को इस्तेमाल करके देख सकें और उसके बाद तय करें कि सब्सक्रिप्शन जारी रखना है या नहीं। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह प्लान पूरी तरह वैकल्पिक है। यदि कोई यूजर इसे नहीं लेना चाहता, तो वह पहले की तरह व्हाट्सएप के सभी सामान्य फीचर्स मुफ्त में इस्तेमाल कर सकता है।

मिलेंगे नए थीम्स और ऐप आइकन
WhatsApp Plus सब्सक्राइबर्स को 18 नए कलर थीम्स दिए जाएंगे। इनमें Vibrant Blue, Royal Purple, Forest Green, Fuchsia Pink, Deep Navy, Teal, Burgundy और Golden Yellow जैसे कई आकर्षक रंग शामिल हैं। इसके अलावा यूजर्स ऐप के डिफॉल्ट आइकन को भी बदल सकेंगे। कंपनी ने 14 अलग-अलग डिजाइन वाले ऐप आइकन उपलब्ध कराए हैं, जिनमें कुछ सिंपल और मिनिमल हैं, जबकि कुछ क्रिएटिव और मॉडर्न लुक के साथ आते हैं।

अब 20 चैट्स तक कर सकेंगे पिन
WhatsApp Plus का एक खास फीचर चैट पिनिंग लिमिट को बढ़ाना है। जहां सामान्य व्हाट्सएप में सीमित संख्या में ही चैट्स पिन की जा सकती हैं, वहीं इस प्लान के साथ यूजर्स 20 तक महत्वपूर्ण चैट्स को सबसे ऊपर पिन करके रख सकते हैं। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें काम या निजी जरूरतों के कारण कई चैट्स तक तुरंत पहुंच बनाए रखनी होती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।