– जनता के पैसे का उपयोग जनता के विकास में हो, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के दिए निर्देश
हनुमानगढ़। नगर परिषद सभापति मंजू रणवा एवं उपसभापति सोनू बंसल ने बुधवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चक ज्वाला सिंह वाला रोड पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को लंबे समय तक इनका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सभापति मंजू रणवा ने कहा कि नगर परिषद का पैसा जनता का पैसा है और जनता के पैसे का उपयोग जनता के विकास के लिए ही होना चाहिए। विकास कार्य केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए करवाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि सड़कें और अन्य सुविधाएं टिकाऊ हों तथा लोगों को बार-बार परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप करवाया जाए। कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और ठेकेदार यह सुनिश्चित करें कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभापति ने कहा कि शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर परिषद की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































