पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां, जिला कार्यालय में बनी चुनावी रणनीति

38

– कैलाश चौधरी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बूथ मजबूत कर पंचायत समितियों और जिला परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने का किया आह्वान
हनुमानगढ़।
पंचायतीराज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने और जिले की पंचायत समितियों तथा जिला परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, वार्डवार जिम्मेदारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक के मुख्य अतिथि पंचायत चुनाव के संभाग प्रभारी, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए चुनावी मैदान में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
बैठक में जिला संगठन प्रभारी दिनेश धाभाई, सहप्रभारी जितेन्द्र शर्मा, लोकसभा प्रत्याशी प्रियंका बैलाण, जिला चुनाव प्रभारी मधुसुदन भिंडा, जिला चुनाव सहप्रभारी दीपक पारीक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा, दम्यंती बैनीवाल, पंचायत चुनाव संयोजक आशीष पारीक, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची, पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी, पूर्व विधायक कृष्ण कड़वा, भाजपा नेता अमित चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई और देवेन्द्र पारीक सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैलाश चौधरी ने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किसी भी चुनाव में सफलता प्राप्त करने के लिए जरूरी है कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझे और पूरी निष्ठा के साथ उसका निर्वहन करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने के साथ आमजन के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें।
चौधरी ने वार्डवार प्रभारियों को उचित दिशा-निर्देश देते हुए चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों में सफलता हासिल करने के लिए बूथ स्तर से लेकर वार्ड स्तर तक प्रभावी रणनीति बनाना आवश्यक है। कार्यकर्ताओं को स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाना चाहिए और पार्टी की नीतियों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचानी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।